होम › सीवान › झोपड़ी में पढ़ रहे थे बच्चे , यह देख विघालय भवन नि…

झोपड़ी में पढ़ रहे थे बच्चे , यह देख विघालय भवन निर्माण का दिया निर्देश- जिलाधिकारी

लाधिकारी ने तितिरा पंचायत में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, कचरा निष्पादन केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा तितिरा मानसरोवर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर जोर, पार्क एवं शवदाह गृह निर्माण की पहल तेज करने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश

झोपड़ी में पढ़ रहे थे बच्चे , यह देख विघालय भवन निर्माण का दिया निर्देश- जिलाधिकारी
सिवान (मुस्आताक आलम ) दिनांक 03.11.2026 को श्री विजय प्रकाश मीणा, भा. प्र.से., जिलाधिकारी,  सिवान ने मंगलवार को जीरादेई प्रखंड अंतर्गत  तितिरा पंचायत का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल विकास परियोजना एवं पर्यटन  से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, सिवान ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी, सिवान द्वारा भ्रमण के दौरान सबसे महत्वपूर्ण निरीक्षण नवसृजित विद्यालय हनुमानगंज का रहा। यहां विद्यालय भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चे झोपड़ीनुमा शेड में बांस-बल्लियों के सहारे पढ़ाई करने को मजबूर दिखे। जिलाधिकारी, सिवान ने विद्यालय की इस स्थिति का जायजा लेते हुए भवन निर्माण की आवश्यकता को गंभीरता से लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने राजकीय मध्य सह उच्च विद्यालय तितिरा से की। यहां उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था, विद्युत सुविधा, भवन की स्थिति, साफ-सफाई और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों से बातचीत कर विद्यालय संचालन से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। 

इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय तितिरा का भी निरीक्षण किया। तत्पश्चात जिलाधिकारी कचरा निष्पादन केंद्र तितिरा पहुंचे जहां उन्होंने केंद्र की वर्तमान स्थिति, कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्था को प्रभावी बनाने और केंद्र के बेहतर संचालन पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।


उन्होंने वार्ड संख्या-5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तितिरा का निरीक्षण किया जहां सेविका एवं सहायिका से बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं मध्यान्ह भोजन, केंद्र के रखरखाव, भवन की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी, सिवान ने तितिरा मान सरोवर का भी भ्रमण किया। उन्होंने सरोवर के संरक्षण एवं विकास की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए इसके सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। साथ ही यहां पार्क एवं शव दाह गृह के निर्माण की पहल को जल्द से जल्द आगे बढ़ाने की बात कही, ताकि इस ऐतिहासिक एवं स्थानीय महत्व वाले स्थल को बेहतर स्वरूप दिया जा सके। 

तितिरा स्तूप के संबंध में भी उन्होंने विशेष जानकारी प्राप्त की और उसके संरक्षण एवं विकास से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। स्तूप को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने पर विचार मंथन किया ।

 जिलाधिकारी ने आईटीआई संस्थान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा तितिरा पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जबकि पंचायत सरकार भवन में संचालित कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था का भी जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने, संस्थानों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान देना सुनिश्चित किया जाए।
 
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सिवान , विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा सिवान, भूमि सुधार उप समाहर्ता सिवान सदर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सदर अस्पताल सिवान, निदेश डीआरडीए एनईपी , जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान सिवान, जिला कल्याण पदाधिकारी सिवान, सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जीरादेई आदि उपस्थित रहे। 

फ़ोटो गैलरी

टैग: #siwan news#bihar news

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी जाँच के बाद दिखेगी।

ताज़ा खबरें